Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: छोटे भाई की खुदकुशी के 22 दिन बाद युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर में हंडिया क्षेत्र के बनपुरवा सरायपीथा गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब संदिग्ध दशा में 35 वर्षीय सुशील कुमार फंदे से लटका मिला। भूसा वाले घर में लटका उसका शव अपने पीछे कई रहस्य छोड़ गया है, जिसे पुलिस सुलझाने में लगी है।
यह मामला इसलिए भी बड़ा है कि 22 दिन पहले इस युवक के छोटे भाई ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया है। जमीन को लेकर कुछ लोगों पर मार डालने का गंभीर आरोप लगाया है। कई थानों की पुलिस के साथ ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने में लगे हैं।
बनपुरवा गांव निवासी सुशील कुमार किसान थे। 11 जून को उनके छोटे भाई संतोष कुमार का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ से फंदे से लटकता मिला था। उस समय भी घरवालों ने जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन तहरीर नहीं दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुदकुशी की बात सामने आई थी। हालांकि, कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
गुरुवार रात सुशील कुमार ने घरवालों के साथ खाना खाया और फिर कमरे में सोने चले गए। शुक्रवार सुबह पत्नी ज्ञानवती, पुत्र शिवांश, दिव्यांश व करिश्मा सो कर उठे तो सुशील का शव गमछे के सहारे फंदे से लटक रहा था। हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने इंस्पेक्टर को भगा दिया।
उच्चाधिकारियों को जानकारी मिली तो एसीपी हंडिया, फूलपुर के साथ ही एसडीएम समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की बात कही तो लोग भड़क गए। जमीन के विवाद को लेकर सुशील कुमार को मारकर फंदे से लटकने का आरोप लगाया। आरोपितों की गिरफ्तारी की तत्काल मांग की।
एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय का कहना है कि मृतक के स्वजन व ग्रामीणों से बातचीत की जा रही है, ताकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सुशील की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट हो जाएगा और फिर आगे की कार्रवाई होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad