प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के नैनी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता नौवीं की छात्रा का शव मिला है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। नैनी थाना क्षेत्र में महरा का पूरवा निवासी 15 वर्षीय पायल विश्वकर्मा पुत्री अरविंद विश्वकर्मा कक्षा नौ की छात्रा थी। उसके पिता क्षेत्र में साइकिल पंक्चर की दुकान चलाते हैं। स्वजनों के अनुसार घर पहुंचने पर उन्होंने पायल को खपरैल वाले कमरे में लोहे की रॉड से दुपट्टे के सहारे लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर नैनी इंस्पेक्टर ब्रिज किशोर गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पलक दो भाई एक बहन में सबसे बड़ी थी।
