प्रयागराज (राजेश सिंह)। बार कौंसिल ऑफ यूपी के चुनाव की मतगणना में शनिवार चार जुलाई को आठवें दिन भी प्रयागराज के वोट गिने गए। कुल 2500 वोटों में 128 अवैध रहे। वैध घोषित 2372 मतों में देवेंद्र मिश्र नगरहा 171 मत पाकर गृह जनपद में सबसे आगे रहे। वह उन प्रत्याशियों में भी शामिल हो गए हैं जिनके मतों की संख्या तीन हजार से अधिक है। अभी तक चार प्रत्याशी ही ऐसे हैं, जिन्होंने इस आंकड़े को छुआ है।
एक उलटफेर और हुआ। लखनऊ के प्रशांत सिंह अटल 3466 मतों के साथ 332 प्रत्याशियों में दूसरे क्रम पर आ गए हैं और निवर्तमान अध्यक्ष, बुलंदशहर के शिवकिशोर गौर 3445 तीसरे स्थान पर पहुंच गए। वैसे निवर्तमान उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय (कानपुर नगर) 4069 मतों के साथ शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं।
प्रयागराज के अब तक 18721 वोट गिने जा चुके हैं और इनमें 1050 अवैध मिले हैं। आठवें दिन की गिनती में देवेंद्र मिश्र नगरहा के बाद क्रमश: अमरेंद्र नाथ सिंह -135, अतुल कुमार द्विवेदी-123, देवेश कुमार शुक्ला-94, अजय यादव -90, पंकज त्रिपाठी-80, इमरान माबूद खान (आइएम खान)-66, राकेश पाठक-63, नीरज दुबे -62 व पांचू राम मौर्य -57 मत लेकर टाप टेन प्रत्याशियों में शामिल रहे। मतगणना 24 मार्च से शुरू हुई थी। अब तक कुल 1,51,302 वोट गिने जा चुके हैं। अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम के अनुरूप जिलों में डाले गए वोट कौंसिल के मुख्यालय में गिने जा रहे हैं।
