प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुना कछार में गुरुवार सुबह बांस के बने मचान से एक इंटर के छात्र का शव फंदे पर लटकता मिलने से कोहराम मच गया। पिता ने आरोप लगाया कि किशोर की चाची उससे अवैध संबंध बना ली थी और शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर किशोर ने आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चाची के खिलाफ आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मृतक के चाचा और चाची से पूछताछ कर रही है। मूल रूप से बलिया के बरैया थाना क्षेत्र चाई छतरा गांव निवासी एक परिवार वर्ष 2021 में नैनी के महेवा में किराए का मकान बनाकर रहता था। परिवार यहां किराए का खेत लेकर किसानी किया करता था। परिवार को बड़ा पुत्र 17 वर्षीय किशोर इंटर का छात्र था। गुरुवार सुबह लोग कछार में टहलने के लिए पहुंचे तो देखा कि उसका शव वहां बांस के मचान से लटक रहा है। इसकी जानकारी होने पर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। उसके स्वजन भी रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता का आरोप है उसकी चाची ने उससे अवैध संबंध बना लिया था और उससे विवाह करने के लिए दबाव बना रही थी। इसे लेकर वह काफी दिनों से परेशान चल रहा था। कुछ दिन पहले उसकी चाची घर छोड़कर चली गई थी, जिस पर चाचा द्वारा दबाव बनाए जाने पर वह उन्हें पांच दिन बाद खोजकर वापस घर ले आया था। आरोप है कि इसके बाद उसकी चाची उसपर शादी का दबाव बना रही थी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी से वह बुधवार रात घर से निकला और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इंस्पेक्टर नैनी ब्रिज किशोर गौतम का कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर पर उसकी चाची के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही। मृतक किशोर व उसकी चाची का मोबाइल कब्जे में लेकर चाची से पूछताछ की जा रही है। मृतक का चाचा साऊदी में रहता है। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही।
