बेखौफ बदमाशों ने पति के सामने लूटी थी पत्नी की चेन
प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर में बेखौफ बदमाशों ने सरेराह एक और लूट को अंजाम दिया। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में डीएसए ग्राउंड के पास बदमाशों ने पति के सामने ही एक महिला के गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन गायब कर दी थी। शोर मचाने पर बदमाश रेलवे स्टेशन की तरफ भाग निकले।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना में पुलिस ने भी जमकर हीलाहवाली की। घटना की लिखित शिकायत देने पर खुल्दाबाद पुलिस ने एक माह बाद मुकदमा कायम किया। उधर शहर में कई घटनाएं ऐसी हो चुकी हैंं, लेकिन अब तक चेन स्नेचर पकड़े नहीं जा सके हैं। इससे महिलाओं में असुरक्षा का भावना पनप रहा है।
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के लूकरगंज मुहल्ला निवासी ओम प्रकाश अहूजा का कहना है कि 26 जून 2026 को वह पत्नी को लेकर बाइक से दवा लाने के लिए जा रहे थे। डीएसए ग्राउंड के पास पहुंचे तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पत्नी के गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली और भाग गए। लूट के दौरान उनकी पत्नी बाइक से नीचे गिरने से बाल-बाल बच गईं।
घटना की शिकायत उन्होंने थाने पर जाकर किया, लेकिन पुलिस ने एक महीने बाद एफआईआर दर्ज की। उधर, इस घटना से पहले भी शिवकुटी, जार्जटाउन, झूंसी इलाके में कई महिलाओं के गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटी गई थी, जिसमें किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
