युवाओं से संवाद में फंसा पेच, आयोजन स्थल के लिए अनुमति निरस्त
प्रयागराज (राजेश सिंह)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल की अनुमति कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने निरस्त कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व स्थानीय कांग्रेसी कार्यवाहक अध्यक्ष से उनके आवास पर मिलने पहुंचे लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
राहुल गांधी का छात्रों से संवाद कार्यक्रम आठ अगस्त को केपी इंटर कॉलेज मैदान पर प्रस्तावित है और वहां कार्यक्रम कराने के लिए कांग्रेस ने कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह से अनुमति लेने के बाद निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया था। कार्यवाहक अध्यक्ष की ओर से शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फुजैल हाशमी को पत्र जारी कर पूर्व में दी गई अनुमति निरस्त करने की सूचना दी गई है।
पत्र में लिखा है कि उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त 2025 को एक आदेश पारित किया था जिसमें यह कहा गया है कि छात्रों के पठन-पाठन में व्यवधान न हो। कार्यक्रम की वजह से दो विद्यालयों के छात्र प्रभावित होंगे। जो आउटडोर खेल का स्थान है, वह बारिश के पानी की वजह से खराब हो जाएगा जिसे ठीक करने में बहुत दिक्कत व समय लगेगा।
कार्यक्रम की तिथि इस प्रकार हो कि विद्यालय की गतिविधियों में कोई बाधा न हो। पत्र में लिखा है कि उच्च न्यायालय के निर्णय व वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपना कार्यक्रम बरसात के बाद अवकाश की तारीख में निश्चित करें। कार्यवाहक अध्यक्ष ने स्पष्ट लिखा है कि पूर्व में दी गई अनुमति निरस्त की जाती है और आप पूर्व में जमा धनराशि कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। पत्र जारी होने के बाद कांग्रेस में खलबली मच गई है और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व अन्य स्थानीय कांग्रेसी बुधवार शाम को कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह से मिलने खुशहाल पर्वत स्थित उनके आवास पर पहुंचे लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं, इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को अब तक पुलिस प्रशासन से भी मंजूरी मिलने का इंतजार है।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने कहा कि पूर्व में 51 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। केपी इंटर कॉलेज मैदान पर कार्यक्रम की तैयारियों पर काफी धनराशि खर्च हो चुकी है। कार्यक्रम के लिए प्रशासन से सहयोग मिल रहा है और राहुल गांधी का कार्यक्रम निर्धारित तिथि पर ही होगा। कार्यक्रम की मंजूरी के लिए अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा के साथ बुधवार को बैठक हुई और उन्होंने पार्किंग आदि के बार में जानकारी मांगी है। पुलिस प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को अनुमति दिए जाने का आश्वासन मिला है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत मुकुंद तिवारी, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, विजय मिश्र, रजनीश सिंह रिशू, अशफाक अहमद आदि मौजूद रहे।
