प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के सोरांव में उफनाते नाले से निकलकर एक विशालकाय मगरमच्छ के गांव की तरफ बढ़ने से हड़कंप मच गया। क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से जहां जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है, वहीं अब जलजीवों के रिहाइशी इलाकों में रुख करने से ग्रामीणों में अनहोनी का भय समा गया है। ताजा मामला शेखपुर सराय क्षेत्र के नाला पुल के पास का है, जहां जलस्तर बढ़ने से एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी वाले इलाके की ओर बढ़ता देखा गया। घटना के बाद से पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है और लोग रतजगा करने को मजबूर हैं। पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते स्थानीय नाला उफान पर है। बारिश के बीच नाला पुल के पास ग्रामीणों ने अचानक एक विशालकाय मगरमच्छ को तैरते देखा। उफनते पानी का सहारा लेकर मगरमच्छ किनारे आया और धीरे-धीरे आबादी की तरफ बढ़ने लगा। खबर फैलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर परिजनों ने तत्काल बच्चों और बुजुर्गों को घरों के भीतर सुरक्षित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान को दी। जिलाध्यक्ष ने तत्काल स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया जिसके बाद जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने उफनते नाले और आसपास के जलभराव वाले इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बावजूद वन विभाग की टीम को मगरमच्छ का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की जानकारी देते हुए वन अधिकारी दिव्या मिश्रा ने बताया कि टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग और निरीक्षण अभियान चलाया, लेकिन मगरमच्छ का पता नहीं चल सका। संभावना जताई जा रही है कि उफनते नाले के तेज बहाव के सहारे मगरमच्छ नदी की ओर निकल गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को नाले और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी है।
