प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में शुक्रवार को संगम सभागार में बंदरों की समस्याओं के समाधान हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, नगर विकास, ग्राम्य विकास, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
बंदरों की संख्या का आकलन एवं हॉटस्पॉट क्षेत्रों का चिन्हीकरण किया जाएगा।
अवशेष खाद्य पदार्थों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
बंदर पकड़ने का कार्य नगर निगम व नगर निकायों द्वारा ही किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रयागराज तथा समस्त नगर निकायों द्वारा निविदा जारी की जाएगी। समस्त नगर निकायों के लिए नोडल नगर पंचायत फूलपुर को नामित किया गया है।नगर निगम आयुक्त व सभी अधिशासी अधिकारी अपने क्षेत्रों में बंदरों की संख्या और संघर्ष वाले स्थानों की पहचान करेंगे। बंदरों के कारण उत्पन्न संघर्ष की घटनाओं पर समन्वय और पर्यवेक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। जिला पंचायतीराज अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में बंदर बाहुल्य स्थानों की पहचान कर सूची प्रभागीय निदेशक को भेजेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में बंदर पकड़ने हेतु मनरेगा के माध्यम से निविदा प्रक्रिया आमंत्रित की जाएगी। भुगतान संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा।
