Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

गृहकर बिल में सुधार को लेकर जमकर हंगामा, आरआई को पीटा

प्रयागराज (राजेश सिंह)। नगर निगम द्वारा विस्तारित क्षेत्र में भेजे गए गृह कर बिल को दुरुस्त करने के नाम पर की जा रही वसूली और बिल ठीक करने के लिए कई माह से कार्यालय का चक्कर लगाने वाले लोगों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। बड़ी संख्या में नगर निगम कार्यालय पहुंचे लोगों ने वहां जमकर हंगामा किया।

इस दौरान एक आरआई द्वारा बेतुका बयान देने पर आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। लोगों के साथ पार्षदों ने जोनल अधिकारी व आरआई को हटाने की मांग की। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद हर वार्ड में शिविर लगाने व कर मूल्यांकन सही करने के बाद वसूली के आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हो गए।

नगर निगम जोन पांच के विस्तारीकरण होने के बाद इसमें दस नए वार्ड बनाए गए हैं। जहां कर निर्धारण व नामकरण को लेकर बीते तीन साल से समस्या बनी हुई है। वार्ड संख्या 40 में एडीए कालोनी, मानस बिहार कालोनी, विश्व बैंक कालोनी, कांशीराम कालोनी सहित कई पाश इलाके शामिल किए गए है। यहां पर पूर्व में कराए गए सर्वे के नाम पर लोगों के भवन कर बिना सही मूल्यांकन के भेजा जा रहा है। साथ ही नगर निगम की खतौनी में नाम चढ़ाने के नाम पर सुविधा शुल्क की वसूली की जा रही है।

इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग स्थानीय पार्षद पूजा पवन यादव, राकेश जायसवाल, रणविजय सिंह, पार्षद पति धनरीश प्रातप सिंह व दीपचंद्र मुन्ना के साथ जोन कार्यालय पहुंचे। वहां जोनल अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी व कर अधीक्षक सतीश चंद्र के साथ पार्षद व लोग बात कर रहे थे। इस दौरान कई लोग वार्ड 40 की आरआइ पर काम के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाने लगे। बातचीत के दौरान ही वहां कर निरीक्षक हर्षवर्धन भी पहुंच गए।

पार्षद व लोगों की बात पर वह अधिकार क्षेत्र न होने की बात कहने लगे। इस दौरान पार्षदों की ओर से पूर्व में शिविर में किए गए मूल्यांकन व शिकायतों के संशोधन की बात की तो उन्होंने पार्षदों को जबावदेही न देने की बात कही। इसी बात को लेकर पार्षदों व वहां मौजूद लोग भड़क गए और उन्हें कमरे से बाहर ले जाने लगे। सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन जोनल कार्यालय के गेट तक पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। कुछ लोगों ने बीच बचाव करते हुए उन्हें वहां से बाहर किया।

पार्षद पूजा पवन यादव ने बताया कि नाम चढ़ाने के नाम पर कागज उपलब्ध कराने को लेकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। वहीं कर विभाग में लगाए गए संविदा कर्मचारी काम के एवज में खुलेआम पैसे की मांग कर रहे है। उन्होंने मौके पर आनलाइन सुविधा शुल्क लिए जाने का प्रमाण भी दिया। अन्य पार्षदों ने भी विस्तारीकरण वाले वार्ड में यहीं समस्या होने की बात कही। इस दौरान जोनल अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी व कर अधीक्षक सतीश चंद्रा ने लोगों को आश्वासन दिया कि सोमवार से विस्तारित क्षेत्र में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad