Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

किराए के चक्कर मे ई-रिक्शा चालक ने की युवक की हत्या, तलाश में जुटी पुलिस

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर के झलवा इलाके में शुक्रवार रात ई-रिक्शा चालक ने एक युवक की सरिया घोंपकर हत्या कर दी। चालक से किराए के 50 रुपये के लिए युवक का विवाद हुआ था। लोगों ने आरोपित को पकड़ने के लिए दौड़ाया, लेकिन वह भाग निकला। धूमनगंज पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो इसमें हत्यारोपित नजर आया है। अब उसका पता लगाया जा रहा है। नैनी में फूलमंडी निवासी 28 वर्षीय कुंदरू फूल पेंटर था। शुक्रवार रात वह किसी काम से झलवा आया था। यहां ई-रिक्शा चालक से किराए को लेकर विवाद हो गया। बातचीत बढ़ी ताे ई-रिक्शा चालक ने उससे मारपीट शुरू कर दी। बचाव में कुंदरू ने भी उसे पीटा। इसी बीच ई-रिक्शा चालक ने वाहन से सरिया निकाली और उसके गर्दन में घोंप दिया। जिससे लहूलुहान होकर कुंदरू सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। यह देखकर ई-रिक्शा चालक भाग निकला। आसपास के लोगों ने उसे दौड़ाया भी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। खबर पाकर धूमनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने कुंदरू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पूरी घटना के बारे में बताया गया लेकिन ई-रिक्शा चालक के बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। पुलिस को पता चला कि ई रिक्शा चालक सौ रुपये मांग रहा था जबकि कुंदरू 50 रुपये की बात कह रहा था। यानी महज 50 रुपये के झगड़े में कत्ल हो गया। खबर पाकर मृतक कुंदरू के स्वजन भी स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे। घरवालों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले ही कुंदरू की शादी हुई थी। धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश मौर्या का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है। जल्द ही आरोपित ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad