लखनऊ (राजेश सिंह)। राजधानी में गुरुवार तक हुई झमाझम के बाद शुक्रवार को बादलों की आवाजाही तो दिखी। कहीं कहीं बूंदाबांदी भी नजर आई। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मूसलधार हुई। मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर तक प्रदेश भर में हवाओं के साथ बादल और बारिश के आसार जताए हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से उत्तर प्रदेश की ओर है। आगे चलकर यह उत्तराखंड की ओर बढ़ रही है। हवा में कम दबाव का क्षेत्र उत्पन्न होने पर बारिश होती है। इसे ही ट्रफ लाइन कहा जाता है। वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश से गुजर कर भारी बारिश के आसार प्रदेश के पश्चिम और उत्तरी जिलों में नजर आ रहे हैं। इसके चलते कई जिलों में हवाओं के साथ गरज चमक और भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। सोमवार से दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़त दर्ज की जा सकती है। शनिवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के संकेत हैं। पीलीभीत, बरेली और रामपुर में अत्यधिक भारी बरसात के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, संभल, मुरादाबाद और बिजनौर में गरज चमक के साथ भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट के तहत भारी बारिश से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत रहने और जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है। शुक्रवार को दिन भर हवाओं का चलना और बादलों की आवाजाही जारी रही इस बीच प्रदेश भर के कई जिलों में बारिश दर्ज हुई। सबसे अधिक बारिश इटावा में 91 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं, लखीमपुर खीरी में 48.2 मिलीमीटर, गोरखपुर में 10.3 मिलीमीटर और शाहजहांपुर में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा अलीगढ़, आगरा, मेरठ, हमीरपुर, उरई, झांसी, बस्ती, सुल्तानपुर, फतेहपुर, बहराइच, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, हरदोई और लखनऊ में बौछारें पड़ीं। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई। वहीं, प्रदेश भर में हुई छिटपुट बरसात के चलते तापमान 33 डिग्री के आसपास बना रहा। सबसे अधिक तापमान वाराणसी में 35 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान इटावा में 19.2 डिग्री और बरेली में 19.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। बहराइच में भारी बारिश की चेतावनी है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।