प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर के बेनीगंज इलाके में सोमवार की देर रात दो युवकों को बेरहमी से लाठी-डंडे और लोहे की राड से पीटा गया। इसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुल्दाबाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अस्पताल में भर्ती घायल युवक अभी कुछ भी साफ तौर पर नहीं बता पा रहा है। पुलिस को आशंका है कि दोनों चोरी की नीयत से किसी के घर में घुसे थे और लोगों ने पकड़ कर दोनों को पीट दिया।
खुल्दाबाद पुलिस को मंगलवार भोर में किसी ने जानकारी दी कि बेनीगंज इलाके में सड़क किनारे दो युवक खून से लथपथ पड़े हैं। पुलिस दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गई जहां डाक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे का इलाज शुरू किया गया। पुलिस ने घायल युवक से पूछा तो उसने बताया कि वह अपने साथी 35 वर्षीय गप्पू निवासी करेली के साथ मलबा हटाने का काम करता है। सोमवार की देर रात बेनीगंज में कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे के राड से उन पर हमला कर दिया। यह बताते हुए वह अचेत हो गया।
खुल्दाबाद थाना प्रभारी अनुराग शर्मा का कहना है कि घटनास्थल के आसपास रहने वाले कुछ नहीं बता पा रहे हैं। आशंका है कि दोनों किसी मकान में चोरी करने घुसे थे और इसी दौरान वह पकड़ लिए गए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है। साथ ही घायल युवक की हालत में सुधार होने पर उससे पूछताछ के बाद पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा।