प्रयागराज (राजेश सिंह)। 37वीं इंदिरा मैराथन को इस बार पुरुष व महिला वर्ग में नए चैंपियन मिले। शेर सिंह राणा इंदिरा मैराथन के पुरुष वर्ग के विजेता बने। वह जयपुर सेना के धावक हैं। महिला वर्ग की विजेता ओलंपियन सुधा सिंह के सिर ताज सजा। रायबरेली की सुधा सिंह ने पहली बार इंदिरा मैराथन में भाग लिया।
पुरुष वर्ग के उप विजेता महाराष्ट्र के विक्रम बंगारिया बने। प्रयागराज के अनिल कुमार सिंह तृतीय स्थान पर रहे। चौथा स्थान पर पीएम गोपी टी आए हैं। महिला वर्ग में अश्विनी यादव जाधव दूसरे नंबर पर व तीसरे नंबर पर ज्योति शंकर राव आईं। दोनों महाराष्ट्र की धावक हैं।
महिला व पुरुष धावकों के लिए 37वीं इंदिरा मैराथन की कुल दूरी 42.195 किमी है। पुरुष धावकों में सबसे आगे जयपुर के शेर सिंह सबसे आगे हैं। अभी उन्हाेंने प्रयागराज के अनिल कुमार सिंह को पीछे किया। 4 किमी की दौड़ शेष बची है। तीसरे स्थान पर विक्रम बंगरिया दौड़ रहे हैं।
महिला धावकों में सबसे आगे ओलंपियन सुधा सिंह 28 किमी की दूरी तक सबसे आगे चल रही हैं। प्रयागराज की नीता पटेल और कविता पटेल दूसरे व तीसरे नंबर पर हैं। इसके पूर्व मेडिकल चौराहे तक भी ओलंपियन सुधा सिंह अन्य धावकों से आगे थीं। पुरुष वर्ग में मेडिकल चौराहे तक ओलंपियन गोपी सबसे आगे दौड़ रहे थे।
इंदिरा मैराथन आज सुबह 6.33 बजे शुरू हो चुकी है। ऐतिहासिक आनंद भवन से खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मैराथन का शुभारंभ किया। इसके पूर्व खेल मंत्री व व खेल निदेशक आरपी सिंह ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया। 42.195 किमी की इंदिरा मैराथन महिला व पुरुष वर्ग की आयोजित की गई है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर आज 19 नवंबर को प्रयागराज में प्रतिवर्ष इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जाता है। इस बार 37वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन हो रहा है।
इंदिरा मैराथन में देश भर के महिला व पुरुष धावक भाग ले रहे हैं। कुछ घंटों में ही पता चल जाएगा कि विजेता कौन बनेगा। इस बार मैराथन में भाग लेने वाली बेली अप्पा, निरमाबेन, ओलंपियन सुधा सिंह, ओलंपियन गोपी टी पर सबकी नजर है।
37वीं अखिल भारतीय प्राइज मनी इंदिरा मैराथन में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय धावकों समेत करीब 1000 धावक दौड़े रहे हैं। दोपहर 2.30 बजे समापन और पुरस्कार वितरण समारोह मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा।
इंदिरा मैराथन में प्रथम पुरस्कार दो लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार एक लाख रुपये, तृतीय पुरस्कार 75 हजार रुपये दिए जाएंगे। अन्य क्रमवार विजेता 11 खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार मिलेंगे। पुरुष व महिला दोनों वर्ग में एक समान पुरस्कार राशि होगी। कुल नौ लाख 70 हजार रुपये इनाम के तौर पर मिलेंगे।
इंदिरा मैराथन में इस बार रूट परिवर्तित नहीं हुआ है। वर्ष 2021 में जो नया रूट निर्धारित हुआ था, इस बार भी वही है। दौड़ आनंद भवन से शुरू हुई। वहां से तेलियरगंज, म्योहाल चौराहा, हाईकोर्ट, हनुमान मंदिर, सीएमपी डिग्री कालेज, बैहराना, नया ब्रिज को पार कर, महेवा रोड, मामा भांजा तालाबा, दांदूपुर से पहले भारत पेट्रोल पंप से 20 मीटर आगे वापसी स्थल है। दांदूपुर रीवा रोड से धावक लौटेंगे। स्टेडियम में समापन होगा।