प्रयागराज (राजेश सिंह)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे केसरीनाथ त्रिपाठी रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। दारागंज घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे नीरज त्रिपाठी ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इसके पहले सिविल लाइंस स्थित आवास से उनकी शव यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। शहर के कई इलाकों से होते हुए शवयात्रा दारागंज घाट पर पहुंची। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
यहां विधि विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहर दक्षिणी के कई बार विधायक और कई बार विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके केसरीनाथ त्रिपाठी की गिनती देश के जाने माने विद्वानों और संविधानविदों में होती थी। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहने के दौरान उनके पास मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम और बिहार राज्यों का भी अतिरिक्त प्रभार रहा। इलाहाबाद हाईकोर्ट में बतौर अधिवक्ता 50 वर्ष वकालत करने के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका था।
राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक सतीश महाना आदि ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।