मुंह से निकल रहा था झाग, जेब में थी निडिल-सिरिंज
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के शुआट्स कैंपस के बांस जंगल में बृहस्पतिवार की दोपहर एक पुरा छात्र का शव मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। घरवालों का कहना है कि वह जॉब के लिए परेशान था। जॉब न मिलने की वजह से नशे की लत लग गई थी। हालांकि उसके भाई, मां और नानी का कहना है कि उनके बेटे की हत्या कर लाश को जंगल में फेंक दिया गया है। पुलिस मौत की वजह नशे की ओवरडोज मानकर चल रही है।
यमुनानगर के नैनी कोतवाली के चकलाल मोहम्मद मोहल्ला ईसाई बस्ती निवासी आशीष सिंह उर्फ रॉबिन (25) पुत्र स्वर्गीय राजीव सिंह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई आकाश सिंह है, जो एक इलेक्ट्रिक बाइक कंपनी में काम करता था लेकिन फिलहाल नौकरी छोड़कर घर में बैठा है। रॉबिन उर्फ आशीष सिंह सैम हिग्गिनबॉटम साइंस एंड टेक्नोलॉजी (शुआट्स) से वर्ष 2016 मैं बीकॉम में पास आउट था। नौकरी की तलाश कर रहा था। उसके पिता राजीव सिंह की पिछले साल मौत हो गई। उसकी मां रंजना सिंह पॉलिटेक्निक विभाग में क्लर्क हैं।
जॉब न मिलने की वजह से नही कर रहा था शादी
परिवार में रॉबिन उसका छोटा भाई आकाश, मां रंजना, नानी और छोटे भाई की पत्नी साक्षी रहती हैं। नानी ने बताया कि जॉब न मिलने की वजह से वह अपनी शादी नहीं कर रहा था। जिसकी वजह से उसकी सोहबत बिगड़ गई थी। वह नशे का लती हो गया था। वह शुआट्स कॉलेज में आता-जाता रहता था।
बुधवार को सुबह आठ बजे के करीब व कॉलेज जाने की बात कहकर निकला था। 11 बजे के आसपास एक बार घर आया और फिर चला गया। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अक्सर देर रात घर लौटता था। इसलिए रात में घरवालों ने खोजबीन भी नहीं की। जब वह पूरी रात नहीं लौटा तो सुबह से मां, भाई और नानी परेशान हो गए। उसकी खोजबीन शुरू हुई।
उसके भाई आकाश से एक दोस्त ने बताया कि रॉबिन के एक दोस्त का पैर टूट गया है वह उसे देखने दारागंज गया है। आकाश ने अपनी किसी माध्यम से उसके मोबाइल को सर्विलांस के जरिए ट्रेस कराया। उसकी लोकेशन शुआट्स कॉलेज के बायोटेक बिल्डिंग के पीछे नए यमुना ब्रिज पर बने ओवरब्रिज के आसपास मिली। ढूंढते-ढूंढते परिवार के लोग बायोटेक डिपार्टमेंट के समीप बांस के जंगल में उसकी लाश मिली। उसके मुंह से झाग निकल रही थी। जेब में सीरेंज और निडिल थी।
सूचना के बाद एग्रीकल्चर चौकी इंचार्ज विपिन पाल अपने दल बल के साथ पहुंचे। छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। उसकी नानी वायलट का कहना है कि उसके बच्चे को कहीं और ले जाकर मारा गया है। लाश वहां फेंक दी गई है। वह नशा करता था, लेकिन इतना नहीं करता था कि उसकी मौत हो जाए। कुछ साजिश जरूर है।
चौकी इंचार्ज विपिन कुमार ने बताया कि वह नशे का लती था। आशंका है कि ओवर डोज की वजह से उसकी मौत हुई है। बाकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई पता चलेगी।