प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में एक महिला कांस्टेबल ने अपने पति पर धर्म बदलने का आरोप लगाया है। पति पर आरोप है कि उसने शादी के लिए बौद्ध धर्म अपनाया था लेकिन बाद में दोबारा इस्लाम धर्म कबूल कर लिया। महिला ने अपने पति और क्रिकेट खिलाड़ी देवर पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार को कहा कि वह एक महिला कांस्टेबल के आरोपों की जांच कर रही है, जिसमें महिला ने अपने पति पर धर्म बदलने के लिए दबाव डालने और दुष्कर्म का जिक्र किया है। महिला ने अपने देवर पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (शिवकुटी) राजेश कुमार यादव ने कहा कि महिला और उसका पति दोनों पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और उनका एक बच्चा भी है। शादी के बाद दो-तीन साल तक साथ रहे लेकिन कुछ विवाद के बाद उसने हाल ही में अपने पति, देवर और ससुर के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। महिला की शिकायत पर 498-ए (क्रूरता के अधीन), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 506 (मौत या गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी) , 376 (यौन उत्पीड़न) और 420 (धोखाधड़ी) सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शिकायत का हवाला देते हुए, प्राथमिकी में कहा गया है कि महिला को कथित रूप से उसके पति द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए परेशान किया गया था, जिसने उससे शादी करने के लिए बौद्ध धर्म अपना लिया था, लेकिन बाद में इस्लाम में फिर से परिवर्तित हो गया।