प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज शहर के म्योर रोड राजापुर में शनिवार रात स्मैक के विवाद में एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेआम हत्या से राजापुर में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने कैंट थाने की पुलिस के खिलाफ हंगामा किया। आरोप लगाया कि वर्षों से यहां स्मैक की बिक्री हो रही है। इसी चक्कर में किशोर की हत्या हुई है। सनसनीखेज वारदात की जानकारी पर पुलिस कमिश्नर समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। देर रात तक आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही थी। पुलिस वारदात की सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है।
राजापुर निवासी गुड्डू खान का इकलौता बेटा 17 साल का आदिल खान ईरिक्शा चलाता था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे आदिल रिक्शा लेकर घर पहुंचा था। घर पर ही रिक्शा खड़ा कर वह चाय पीने के लिए निकला था। राजापुर की मेन सड़क पर आदिल पान की दुकान पर बातचीत कर रहा था। उसी वक्त तीन युवकों ने उसके सिर में गोली मार दी और वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। गुड्डू के घरवालों को सूचना दी गई। खून से लथपथ बेटे को देखकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। कैंट थाने की पुलिस आदिल को लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंची, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से आदिल के पिता गुड्डू का रो-रो कर बुरा हाल था। वह बार-बार अचेत हो जा रहा था। उसका कहना था, कि आदिल उसका इकलौता बेटा था। वही घर का खर्च चला रहा था। स्मैक बेचने वालों ने उसकी जान ले ली है। परिजनों ने राशिद, पंकज और सनी नाम के तीन युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक उन्होंने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।
पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि को रात्रि समय करीब 11:30 बजे राजापुर थाना कैंट क्षेत्र में आदिल अली पुत्र रियासत अली निवासी उचवा गड़ी राजापुर थाना कैंट प्रयागराज की राशिद पुत्र साबिर व उसके दो साथियों के द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना के पश्चात मौके पर पुलिस बल पहुंचकर तत्काल शव को कब्जा पुलिस लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही कर पीएम हेतु एसआरएन हॉस्पिटल प्रयागराज रवाना किया गया। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कैंट पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।