एक साल पहले फर्जी मुठभेड़ में युवक को मारने का आरोप
प्रयागराज (राजेश सिंह)। एक साल पहले फर्जी मुठभेड़ में युवक को मारने के आरोप में एसओजी प्रभारी सहित 12 पुलिसकर्मियों पर सीजेएम कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। जिसमें कौशांबी के चरवा इलाके में एक सराफा कारोबारी के यहां हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ की कार्रवाई की थी।
प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के हनुमानगंज पैंतिहा की रहने वाली अंजू देवी पत्नी नारायण प्रसाद सोनी ने आरोप लगाया था कि 10 सितंबर 2023 की सुबह चरवा थाना कौशांबी की पुलिस व एसओजी टीम व एक दर्जन पुलिस के जवान उसके घर में घुस आए बेटे विजय कुमार सोनी को पकड़ लिया और गाली देते हुए मारने पीटने लगे। इसके बाद बेटे की हत्या करने की नीयत से अपहरण कर लिया। 8 सितंबर 2023 को कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र में सूनार से हुई लूट मामले को लेकर 12 सितंबर 2023 को मुठभेड़ में दिखाते हुए उनके बेटे को गोली मार दी। घायल विजय को स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी 21 सितंबर 2023 को मौत हो गई। अंजू देवी ने दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस आयुक्त प्रयागराज को प्रार्थना पत्र दिया था। वहीं कार्रवाई न होने पर सीजेएम कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने और तथ्यों का अवलोकन करने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और विवेचना करने का आदेश दिया।