प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधराेपण का बड़ा अभियान चला रही योगी सरकार को प्रयागराज में बड़ा झटका लगा है। यहां पर सघन हरियाली का दावा किया गया था, लेकिन मौके पर जब जांच की गई तो 80 प्रतिशत पौधे गायब मिले। पौधरोपण का यह घपला पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने खुद मंगलवार को मौके पर जांच कर पकड़ा है।
यहां पर सोरांव रेंज की जोगीपुर क्षेत्र में छह हेक्टेयर क्षेत्रफल में 15 हजार पौधे लगाने का दावा किया गया था। मंत्री को यहां 20 प्रतिशत पौधे भी लगे हुए नहीं मिले। जहां पौधे लगे थे, उनमें भी ज्यादातर मर चुके थे। कुछ पौधे तो पन्नी बगैर हटाए ही लगा दिए गए थे। मंत्री की नाराजगी के बाद वन विभाग ने यहां रेंजर, डिटी रेंजर व वन रक्षक को तत्काल हटा दिया है। मंत्री ने प्रभागीय वनाधिकारी को भी सख्त हिदायत दी है।
प्रयागराज वन प्रभाग के अंतर्गत सोरांव रेंज में जोगीपुर में आठ हेक्टेयर भूमि है। इसमें से छह हेक्टेयर क्षेत्रफल में मानसून सीजन में करीब 15 हजार पौधे सघन हरियाली के नाम पर लगाने का दावा किया गया था। पौधरोपण में घपले की जानकारी वन मंत्री को लगी। मंत्री मंगलवार को प्रयागराज पहुंच गए और उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में उन्हें यहां पौधरोपण का बड़ा घोटाला मिला है। मंत्री को मौके पर ज्यादातर पौधों की हालत बेहद खराब मिली। मंत्री ने प्रभागीय वनाधिकारी प्रयागराज की फटकार लगाई और उनसे पूछा है कि उन्होंने अभी तक पौधरोपण स्थल का मौके जाकर निरीक्षण क्यों नहीं किया।
मंत्री की नाराजगी के बाद प्रभागीय वनाधिकारी ने क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रागीलाल को रेंज से हटाने के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष को पत्र लिखा। विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने मंगलवार की शाम प्रागीलाल को सोरांव रेंज से हटाकर मुख्य वन संरक्षक, कोर्ट केस, लखनऊ से सबद्ध कर दिया है।
वहीं, मुख्य वन संरक्षक दक्षिणी क्षेत्र प्रयागराज शेष नारायण मिश्र ने उप क्षेत्रीय वन अधिकारी मकसूद अहमद व वन रक्षक हिमांशु सिंह को तत्काल हटाकर वन संरक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। वन संरक्षक प्रयागराज को एक सप्ताह में अनुशासनिक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि योगी सरकार का पौधरोपण अभियान पर बड़ा फोकस है। पौधे लगाने के साथ ही इन्हें बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। पौधरोपण में जहां भी घपला मिल रहा है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रयागराज के पौधराेपण स्थल का निरीक्षण किया, वहां स्थिति बेहद खराब मिली। संबंधित अधिकारियों को तत्काल हटाकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।