Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

महाकुंभ में 16 को डुबकी लगाएंगे राहुल-प्रियंका

sv news

कुम्भनगर (राजेश शुक्ल)। महाकुंभ में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 16 फरवरी को डुबकी लगाएंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, उनके आने का प्रोग्राम लगभग फाइनल हो चुका है। राहुल और प्रियंका संगम में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। कांग्रेसियों ने बड़े पैमाने पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कांग्रेस सेवा दल की ओर से महाकुंभ सेवा शिविर संगम तट के सेक्टर-15 में तुलसी मार्ग पर लगाया गया है। राहुल और प्रियंका इस शिविर में कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही सेवा दल द्वारा महाकुंभ में किए जा रहे सामाजिक, धार्मिक कामों की जानकारी लेंगे। कांग्रेसी नेता बताते हैं कि 5 से 10 फरवरी के बीच वह संगम स्नान के लिए आ सकते हैं। माना जा रहा है कि राहुल और प्रियंका के साथ ही करीब 1000 कांग्रेसी स्नान करेंगे। प्रियंका गांधी 11 फरवरी 2021 को प्रयागराज आई थीं तो उन्होंने संगम में स्नान लगाई थी। प्रियंका ने बोट से प्रयागराज से वाराणसी तक की यात्रा की थी। तब वह संगम तट पहुंची थीं। संगम में डुबकी लगाने के बाद पूजा-पाठ किया था। वे पुरखों की कर्मस्थली प्रयागराज के आनंद भवन भी गई थीं।

2019 अर्धकुंभ में भी प्रियंका ने संगम स्नान किया था

कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय का कहना है कि प्रियंका गांधी संगम स्नान की हमेशा ख्वाहिशमंद रही हैं। 2019 के अर्धकुंभ में उन्होंने संगम स्नान किया था। वर्ष 2000 में सोनिया गांधी ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। गांधी परिवार हमेशा से महाकुंभ स्नान, ध्यान और पूजापाठ करता रहा है। डॉ. प्रमोद पांडेय का कहना है कि शिविर तैयार है। लगातार श्रद्धालुओं की मदद की जा रही है। सभी की ख्वाहिश है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संगम आकर स्नान करें और कांग्रेस सेवा शिविर में शामिल हों। अर्धकुंभ-2019 में प्रयागराज में प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए। पोस्टर पर प्रियंका गांधी के अलावा सबसे ऊपर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तस्वीर भी लगी थी। बगल में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और छोटी तस्वीरों में राज बब्बर, प्रमोद तिवारी और सोनिया गांधी की फोटो थी। पोस्टर में प्रियंका की फोटो के साथ लिखा- गंगा की बेटी, जो जीतेगी यूपी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad