![]() |
| सांकेतिक फोटो |
मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर जिले के जिगना ओवरब्रिज पर रविवार की रात बाइक सवार दो लोग नीचे गिर गए। हादसा देख रहे बाइक सवार को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिसमें दो की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है। रविवार की शाम देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के गंगाऊत गांव निवासी रामराज (30)पुत्र विष्णु अपने गांव के साथी अजीत बिंद (35) पुत्र कोमल के साथ बाइक से नरोइया बाजार की ओर से जिगना की तरफ आ रहा था। इसी दौरान ओवरब्रिज पर बाइक अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 20 फीट नीचे गिर गई। दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। उधर, रास्ते से गुजर रहे विंध्याचल थाना क्षेत्र के कलना गहरवार निवासी उमाशंकर बिंद (35) पुत्र अवधनारायण पुल पर खड़ा होकर घटना को देख रहा था। तभी एक ईंट लदे ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन निजी एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल के बाद वाराणसी ले गए, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही पत्नी कुसुम देवी माता नौराजी देवी बेसुध हो गई। मृतक उमाशंकर फर्मासिस्ट था। नरोइया के पास पठखौली में मेडिकल स्टोर चलाता था। घटना के दिन दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो बच्चे अंश उर्फ गोलू (12) व अंशिका (09) दोनों अटल आवासीय विद्यालय सोनभद्र में पढ़ते हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। उधर, पुल से नीचे गिरे रामराज सरोज (30) की भी मौत मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। तीसरे घायल अजीत कुमार का इलाज चल रहा है। प्रभारी थानाध्यक्ष आत्माराम यादव ने बताया कि दुर्घटना में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
