प्रयागराज (राजेश सिंह)। खीरी थाना क्षेत्र के ढेरहन बाबूतरा गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना शनिवार रात करीब 2 बजे ढेरहन निवासी अमित कुमार कुशवाहा के घर में हुई। चोरों ने सेंधमारी कर लगभग चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 5,500 रुपये नकद चुरा लिए।
चोरी हुए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, मांगटीका, लॉकेट, नथिया, टप्स, पायल और बच्चों के पायल शामिल बताए गए हैं।
घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। सुबह चोरी का पता चलने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार ने खीरी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि इस चोरी से परिवार आर्थिक रूप से टूट गया है और क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
खीरी थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच के बाद शाम करीब 6 बजे अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी और पीड़ित परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।