Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

पुरानी रंजिश में महिला को घर से खींचकर पीटा, एफआईआर दर्ज

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद के यमुनानगर के कौंधियारा क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ा में एक महिला के साथ सरेआम मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने महिला को घर से खींचकर बाहर निकाला और बीच सड़क लात-घूंसे व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने थाना कौंधियारा में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में शिकायतकर्ता पंकज कुमार पुत्र कोरीलाल साहू, निवासी ग्राम कपूर का पूरा (तरौल), थाना करछना ने कहा मेरी पत्नी मायके गई अकोढ़ा गई थी यह घटना 31 जनवरी 2026 को लगभग दोपहर 2 बजे की है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सुमन को लेकर पड़ोसियों से काफी समय से विवाद चला आ रहा है। सुमन के मायके ग्राम अकोढ़ा में पूर्व में हुए एक विवाद की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी, इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष उनसे रंजिश मान बैठा था।

पीड़ित के अनुसार इसी रंजिश के चलते संजय गुप्ता, उनके परिवार के अन्य सदस्य, राहुल, राजेश तथा दो अन्य अज्ञात युवक एकराय होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर सुमन को जबरन घर से बाहर खींच लिया और लात-घूंसे तथा लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। महिला को घसीटते हुए आरोपी पहले अपने घर ले गए और फिर सरेआम बीच सड़क पर लाकर दोबारा बेरहमी से पीटा।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने सुमन के साथ भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग दहशत के कारण मूकदर्शक बने रहे। आरोपियों की दबंगई इतनी थी कि कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

मारपीट में सुमन को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार विवाद कर चुके हैं और दबंग किस्म के लोग हैं। इस मामले में पीड़ित पंकज कुमार ने थाना कौंधियारा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad