लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना, साथ ही अनुरोध किया कि वो पहले जिले एवं मंडल के अधिकारियों से मिलें।
किन्हीं कारणों से समाधान न मिले तब लखनऊ अवश्य आएं। समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर हाल में जनपद स्तर पर ही पीड़ितों की समस्याओं का निस्तारण करें। मुख्यमंत्री ने एक उद्यमी के प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, विशेषकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) एवं जिला प्रशासन को तत्काल और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में निवेश का बेहतरीन इकोसिस्टम तैयार है। सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू हैं। निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। एक नागरिक ने बेसिक शिक्षा परिषद के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को अनिवार्य किए जाने की मांग रखी। सीएम ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल और शारीरिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अवैध कब्जों और पुलिस से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीएम ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से पूछा कि किस क्लास में पढ़ते हो। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के प्रश्नों का उत्तर दिया, फिर सीएम योगी ने सभी बच्चों से कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करो। खूब खेलो और खेलकर खिलते रहो। बच्चों को चाकलेट भी दी।
