पुलिस पर पक्षपात का आरोप, कार्रवाई न होने से आक्रोशित
करछना, प्रयागराज। यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान तेजबली यादव पर हुए हमले के बाद उनके परिवार ने सैकड़ों वकीलों के साथ घूरपुर थाने का घेराव किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई में पक्षपात का आरोप लगाया।
पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी पर जानबूझकर कार्रवाई न करने और पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे हमलावरों के हौसले बुलंद हुए हैं।
पीड़ित तेजबली यादव के अनुसार, वह बीती रात गौहनिया स्थित एक गेस्ट हाउस में दावत से लौट रहे थे। रास्ते में उन्हीं के गांव के कुछ लोगों ने उन पर हमला कर मारपीट की। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
अपेक्षित कार्रवाई न होने पर परिवार ने सैकड़ों वकीलों के साथ घूरपुर थाने का घेराव किया। उन्होंने एसीपी से गुहार लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
घटना की सूचना मिलने पर एसीपी अब्दुल सलाम खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार और वकीलों से बातचीत की और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले आरोपी घटना के समय असलहों से लैस थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह का बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच जारी है। वहीं, पीड़ित परिवार और वकीलों की मांग है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए।
