प्रयागराज (राजेश सिंह)। मऊआइमा थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक को भीषण टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, चारों युवक बाइक पर बैठकर बारात में जा रहे थे। मृतक की पहचान सोरांव थाना क्षेत्र के जमुई गांव निवासी भागीरथी के पुत्र नीरज (22) के रूप में हुई है। उसके साथ बाइक पर सवार पवन कुमार पुत्र राजेंद्र, सचिन पुत्र राम शरण और दीपू पुत्र दुर्गविजय गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल भी जमुई गांव के ही रहने वाले हैं। चारों युवक जमुई गांव से शाहबाजपुर गांव थाना मऊआइमा में आयोजित बारात में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
