लखनऊ। महाशिवरात्रि पर्व पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि देवाधिदेव महादेव की आराधना का यह महापर्व आत्मशुद्धि, संयम और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देता है। भगवान शिव की कृपा से समस्त जनमानस के जीवन में सकारात्मकता, ऊर्जा और अटूट शक्ति का संचार हो। भोलेनाथ की कृपा से समाज में सद्भाव, करुणा और समरसता की पावन धारा प्रवाहित हो और प्रत्येक परिवार सुख, शांति और समृद्धि से आलोकित हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना का यह महापर्व भक्ति, तप, कल्याण और आत्मोद्धार का उत्सव है, जो जन-जीवन में धर्म, सत्य और सदाचार की शक्ति को पुष्ट करता है। महाशिवरात्रि का पावन संदेश हमें कर्तव्यनिष्ठा, संयम, करुणा एवं लोक-कल्याण के पथ पर दृढ़तापूर्वक अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।
वहीं विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि यह पर्व भगवान शिव की आराधना, साधना और भक्ति का प्रतीक है, जो हमे आत्मचिंतन, शुद्धता और आध्यात्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान शिव से प्रार्थना है कि वे हम सभी के दुखों को दूर करें व विश्व का कल्याण करें।