प्रयागराज (राजेश सिंह)। यूपी बोर्ड की वर्ष-2026 की इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इनमें 12 वीं भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा 27 फरवरी को होगी।
डीएन इंटर कालेज रेलवे रोड के भौतिक विज्ञान विषय के प्रवक्ता डा. युवराज शर्मा का कहना है कि भौतिक विज्ञान का पेपर स्कोरिंग हैं। इसके के कई अध्यायों के अंक अधिक हैं। कई के कम अंक भी हैं। उसी के अनुसार विभिन्न अध्याय की तैयारी को समय दें।
प्रश्नों का उत्तर संक्षिप्त एवं सटीक लिखें
डा. युवराज शर्मा के अनुूसार प्रश्नों का उत्तर संक्षिप्त एवं सटीक बिंदुवार लिखने की कोशिश करें। आंकिक प्रश्नों के उत्तर में मात्रक अवश्य लिखें।अक्सर परीक्षा के दौरान हम कुछ प्रश्नों पर अधिक समय व्यतीत कर देते हैं, जिससे अन्य प्रश्नों को अच्छी तरह हल करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलता। ये परीक्षा हाल में तनाव का कारण बनता है। इससे कई बार प्रश्न गलत भी कर देते हैं और कभी-कभी प्रश्न छूट भी जाते हैं। इसके लिए तैयारी के समय पिछले चार-पांच सालों के प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व हल करने का अभ्यास करें।
आंकिक प्रश्नों के लिए सूत्र जानना जरूरी
भौतिक विज्ञान विषय में आंकिक प्रश्नों को रटे नहीं, उन्हें समझने की कोशिश करें। आंकिक प्रश्नों के लिए सभी को सूत्रों का जानना आवश्यक हैं। आंकिक प्रश्नों का बार-बार अभ्यास करें। कुछ चौप्टरों जैसे वैद्युत धारा, सरल परिपथ, गतिमान आवेश तथा चुंबकीय क्षेत्र, प्रकाशिकी, परमाणु तथा नाभिक के आंकिक प्रश्नों को अच्छे से तैयार करें।
किरणों की दिशा को अंकित करते हुए चित्र अवश्य बनाएं
प्रकाशिकी अध्याय के सूत्रों का निगमन करते समय किरणों की दिशा को अंकित करते हुए चित्र अवश्य बनाएं। फिर उस चित्र की सहायता से बेसिक सूत्रों का उपयोग करते हुए निगमन करें। लंबे निगमन को दो या तीन भागों में बांटकर अभ्यास करें।
परीक्षा के दिनों में यह भी देगा बेहतर परिणाम
परीक्षा में सफलता के लिए स्वयं का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है। पर्याप्त नींद लें। स्वस्थ भोजन लें और नियमित रूप से व्यायाम करें।इससे आपका दिमाग और शरीर स्वस्थ रहेगा। आपकी ऊर्जा का स्तर बढ़ेगा।
परीक्षा के दिन यह जरूर करें
परीक्षा के दिन सबसे पहले शांत मन से पेपर पढ़ें। समय प्रबंधन के साथ प्रश्नपत्र को हल करें। आपको जो भी प्रश्न आता है, उसे सबसे पहले हल करें। जहां भी लगे कि आप अटक रहे हैं। वहां ज्यादा समय न लगाएं। इसकी बजाय अगले प्रश्न को हल करने के लिए बढ़ जाएं। समय बचने पर सबसे बाद में उस प्रश्न पर वापस आएं।
