प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रति वर्ष नवरात्र में प्रयागराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मैहर में मां शारदा का दर्शन करने जाते हैं। ऐसे में उन्हें वहां तक आसानी से पहुंचाने के लिए रेलवे ने 15 जोड़ी नान स्टाप ट्रेनों को मैहर स्टेशन पर ठहराव दिया है।
19 मार्च से 1 अप्रैल तक सुविधा
यह ट्रेन अभी तक नान स्टाप थी, यानी यह मैहर स्टेशन पर नहीं रुकती थी लेकिन चैत्र नवरात्र में देवी धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए इन ट्रेनों की नई समय सारिणी जारी कर दी गई है। इसका फायदा यह होगा कि श्रद्धालु मैहर स्टेशन पर उतर और चढ़ सकेंगे। 19 मार्च से एक अप्रैल तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
इन ट्रेनों का होगा ठहराव
जिन ट्रेनों को ठहराव दिया जा रहा है उसमें 11055-11056 लोकमान्य तिलक-गोरखपुर, 11059-11060 लोकमान्य तिलक-छपरा, 12669-12670 चेन्नई-छपरा, 19051-19052 वलसाड-मुज़फ्फरपुर, 11045-11046 कोल्हापुर धनबाद, 15268-15267 लोकमान्य तिलक-रक्सौल, 18201-18202 दुर्ग-नौतनवा 11037-11038 पुणे-गोरखपुर, 17610-17609 पूर्णा-पटना, 22103-22104 लोकमान्य तिलक-अयोध्या कैंट, 18610-18609 लोकमान्य तिलक-रांची, 22971-22972 बांद्रा-पटना, 22131-22132 पुणे-बनारस, 15647-15648 लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी, 19045-19046 सूरत छपरा एक्सप्रेस शामिल है।
सीपीआरओ बोले- यात्रियों को होगी सुविधा
सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि नवरात्र में देवी धामों पर मेला व उत्सव होता है। यहां जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है। यात्रियों की राह आसान करने के लिए इन ट्रेनों का ठहराव मैहर स्टेशन पर दिया जा रहा है।
