प्रयागराज (राजेश सिंह)। कोलकाता के लिए विमान सेवा की राह देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। एक बार फिर से कोलकाता के उड़ान की तैयारी है। संगम नगरी को पूरब और पश्चिम के दो बड़े महानगरों से एक साथ जोड़ने के लिए विमानन कंपनी अकासा एयर ने पहल की है। उसने नवी मुंबई के नए एयरपोर्ट से प्रयागराज होते हुए कोलकाता तक के लिए एक सीधी विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है।
नौ शहरों की विमान सेवाएं बंद हैं
वर्तमान में प्रयागराज से केवल छह शहरों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, भुवनेश्वर व बिलासपुर के लिए ही सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। नौ अन्य शहरों की सेवाएं बंद पड़ी हैं। यह गिरावट चिंताजनक है, क्योंकि 2023 में यहां से 15 शहर जुड़े थे। उड़ानें बंद होने का सिलसिला अक्टूबर 2023 से शुरू हुआ, जब इंडिगो ने रायपुर, इंदौर व गोरखपुर की उड़ानें समाप्त कीं।
एलायंस एयर ने कोलकाता, देहरादून की उड़ा बंद की थी
मार्च 2024 तक पुणे-प्रयागराज सेवा भी ठप हो गई। एलायंस एयर ने कोलकाता व देहरादून की हवाई सेवा बंद कर दी। लखनऊ, जयपुर, जम्मू, चेन्नई, अहमदाबाद, चंडीगढ़ व भोपाल आदि शहरों की सेवाएं पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। हालिया बदलावों में फेरे भी विमानों के घट गए हैं।
महाकुंभ मेले में 17 उड़ानें व 31 कनेक्टंग शहर जुड़े थे
महाकुंभ-2025 ने उम्मीद जगाई थी। महाकुंभ मेले के दौरान कोलकाता, गुवाहाटी, जयपुर, जबलपुर, भुवनेश्वर, चंडीगढ़ व देहरादून समेत 10 अतिरिक्त शहरों से उड़ानें जोड़ी गईं, जिससे कुल 17 उड़ानें व 31 कनेक्टिंग शहर जुड़े। लेकिन 10 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक सीमित रहने के बाद ये सेवाएं बंद हो गईं, स्थिति पहले से बदतर हो गई। आस्था व इतिहास का केंद्र प्रयागराज, जो कभी प्रमुख हवाई अड्डा था, आज कनेक्टिविटी की कमी से जूझ रहा है।
प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए डीजीएसीए भेजा जाएगा
एयरपोर्ट निदेशक राजेश चावला ने बताया कि अकासा एयर के प्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्य चल रहा है। विमानन कंपनी जल्द ही इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या और ट्रैफिक लोड का विस्तृत सर्वे करेगी। सर्वे की रिपोर्ट अनुकूल रहने पर प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीएसीए) भेजा जाएगा।
