चार बजे भोर से ही लगने लगी आस्था की डुबकी
मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। गुरूवार चौत्र नवरात्र के प्रथम दिन सिरसा गंगा घाट पर सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की की भारी भीड़ उमड़ी, इलाकाई पुलिस की लापरवाही के चलते स्नानार्थियों को जाम आदि की परेशानी से जूझना पड़ा। लोगों ने गंगा स्नान कर श्रीनाथ मंदिर सहित अन्य मंदिरों में मां दुर्गा का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान पूरा घाट क्षेत्र जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।
हालांकि, इस भक्तिमय माहौल के बीच नगर पंचायत सिरसा की लापरवाही भी सामने आई। घाट पर बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चेंजिंग रूम और शौचालय की व्यवस्था न होने से विशेषकर महिलाओं को अत्यधिक दिक्कतें हुईं।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने बताया कि सिरसा गंगा घाट पर प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में लोग स्नान के लिए आते हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की जाती। कई श्रद्धालुओं ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन से भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।
घाट पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिससे श्रद्धालुओं में असंतोष बढ़ा। उन्होंने मांग की है कि नवरात्रि जैसे बड़े पर्वों के लिए प्रशासन को पूर्व तैयारी करनी चाहिए और चेंजिंग रूम, शौचालय, पेयजल तथा सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। नवरात्र के प्रथम दिन सिरसा सहित क्षेत्र के पकरी सेवार, रैपुरा, परानीपुर, मदरा सहित अन्य गंगा घाटों से पर आस्था की डुबकी लगाई।
