Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

कला और संस्कृति के रंगों से सजा डायट प्रयागराज

sv news

प्रयागराज (जितेंद्र शुक्ल)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में जनपद स्तरीय कला, क्राफ्ट एवं संस्कृति प्रदर्शनी 2025–26 का भव्य शुभारंभ दिनांक 13 मार्च 2026 को किया गया। यह दो दिवसीय कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य एवं उपशिक्षा निदेशक राजेन्द्र प्रताप के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।  कार्यक्रम के संयोजन का दायित्व डायट प्रवक्ता (कला)  निधि मिश्रा द्वारा निभाया जा रहा है।

इस प्रदर्शनी में जनपद प्रयागराज के सभी 22 विकास खंडों से आए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक एवं उनके विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विविध कला एवं क्राफ्ट की सृजनात्मक कृतियों को प्रदर्शित किया गया। इन कलाकृतियों से डायट का सभागार आकर्षक रूप से सुसज्जित हो उठा और पूरा परिसर कला एवं संस्कृति के रंगों से जीवंत दिखाई दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री महेश उपाध्याय, डिप्टी डायरेक्टर, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (भारत सरकार), प्रयागराज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शुभम, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डायट प्रवक्ता अमित सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षुओं की टीम द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। इसके पश्चात डायट प्रवक्ता  निधि मिश्रा द्वारा दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता डॉ. राजेश पांडेय द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। इसके उपरांत अतिथियों को कला प्रदर्शनी का अवलोकन कराया गया। इस दौरान  निधि मिश्रा एवं डॉ. राजेश पांडे ने अतिथियों के साथ प्रदर्शनी का विस्तृत निरीक्षण कराया। अतिथियों ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विविध कलाकृतियों, शिल्प एवं रचनात्मक प्रदर्शनों को बारीकी से देखा तथा उनकी सराहना करते हुए प्रोत्साहन एवं प्रतिपुष्टि प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को प्रेम-भेंट स्वरूप स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) एवं डायट प्रयागराज की स्मृति भेंट भी प्रदान की गई, जिसे निधि मिश्रा एवं डॉ. राजेश पांडेय द्वारा भेंट किया गया। इसके पश्चात डायट के प्रशिक्षुओं द्वारा भारत के विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करते हुए मनोहारी सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिनमें देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में डायट प्राचार्य राजेन्द्र प्रताप द्वारा संपूर्ण प्रदर्शनी का विस्तृत निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न ब्लॉकों से आई कलाकृतियों एवं शिल्पों का गहन अवलोकन करते हुए शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं के प्रयासों की सराहना की तथा इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस प्रकार प्रदर्शनी का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में निर्णायक मंडल की उपस्थिति में सभी कलाकृतियों का सूक्ष्म निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके आधार पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।

यह प्रदर्शनी शिक्षकों और विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार, सांस्कृतिक चेतना एवं कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad