प्रयागराज (राजेश सिंह)। होली में हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों की निगरानी ड्रोन से की जाएगी। मुख्य स्थलों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाई गई है। पूरे शहर को जोन और सेक्टर में बांटकर गश्त बढ़ाई गई है। रंगोत्सव के दौरान किसी को नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई है। अगर कोई व्यक्ति उपद्रव करेगा या शांति-व्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर की तरह यमुनागर और गंगानगर जोन में भी सुरक्षा-व्यवस्था को पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
70 से ज्यादा संवेदनशील स्थल चिह्नित
बताया गया है कि नगर क्षेत्र में नौ सौ से अधिक स्थानों पर होलिका दहन का कार्यक्रम है। 70 से ज्यादा संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया है। सोमवार रात से ही पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गई। प्रमुख स्थानों, मुहल्लों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीम पैदल गश्त कर रही है। सीसीटीवी और ड्रोन से भी रंगोत्सव के दौरान संदिग्ध लोगों, हुड़दंगियों की निगरानी की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा-सम्मान का विशेष ध्यान रखें
पुलिस की ओर से आयोजकों को सख्त निर्देश दिया गया है कि रंगोत्सव के समय अश्लीलता को बढ़ावा न दिया जाए। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान दिया जाए। डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि होली के समय हुए पुराने विवादों के संबंध में आरोपितों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई पहले ही कर दी गई है। शहर को जोन और सेक्टर में बांटकर फोर्स की तैनाती की गई है। सिविल पुलिस के साथ ही पीएसी व आरएएफ के जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
