मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा थाना क्षेत्र के गुनई गहरपुर गांव में शनिवार रात दो दर्जन बकरियां चोरी हो गईं। अज्ञात चोरों ने मांडा-मेजा मार्ग के किनारे स्थित एक घर की दीवार तोड़कर बकरियों को चुरा लिया।
यह घटना रामसहाय पाल और अजय कुमार पाल के मकान में हुई। चोर रामसहाय पाल की 20 बकरियां और अजय कुमार पाल की 4 बकरियां चुरा ले गए। रविवार सुबह जब बकरी पालकों को चोरी का पता चला तो उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और वापस लौट गई।
पीड़ित बकरी पालकों ने मेजा कोतवाली में तहरीर देकर चोरों को पकड़ने की गुहार लगाई है। मेजा कोतवाल दीनदयाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद चोरों की तलाश की जाएगी।
गांव के वरिष्ठ समाजसेवी वीरेंद्र सिंह यादव और धर्मराज यादव ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चोरों के हौसले बुलंद हैं।


