प्रयागराज (राजेश सिंह)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 हेतु दिनांक 14 एवं 15 मार्च, 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को निर्धारित प्रक्रियानुसार सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष, नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत सेक्टर व स्टैेटिक मजिस्ट्रेट व अन्य सम्बंधित अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा के सकुशल, नकलविहीन व सुचितापूर्ण ढंग से आयोजन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, सह केन्द्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी व संवेदनशीलता के साथ परीक्षा को सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों को गोपनीय सामग्री को स्टैटिक मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में ही प्राप्त कराने तथा परीक्षा अवधि के दौरान अपने सेक्टर के परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को सम्पन्न कराने एवं परीक्षा के समाप्ति के उपरांत गोपनीय सामग्री को निर्धारित रूट से ही पुलिस अभिरक्षा में डबल लॉक में जमा कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें एवं अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने वालो के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। उल्लेखनीय है कि परीक्षा14 एवं 15 मार्च को दो सत्रों-प्रथम सत्र में प्रातः 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र में अपरान्ह 03ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक आयोजित की जायेगी। परीक्षा जनपद प्रयागराज के 43 परीक्षा केन्द्रों में दो सत्रों में आयोजित की जायेगी, जिसमें चारों पालियों में 53760 अभ्यर्थी पंजीकृत है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, डीसीपी पंकज पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, डॉ0 प्रभाकर त्रिपाठी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
