Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: बिना नंबर प्लेट वाले स्कूली वैन को छुड़ाने वालों की सौंपी वीडियो, बिना पंजीयन वाहन पकड़ने पर हुआ था हंगामा

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। अलीगढ़ और आगरा में स्कूली वाहनों से हुए हादसों के बाद परिवहन विभाग ने यहां भी जांच-पड़ताल तेज कर दी है। बुधवार को यात्री कर अधिकारी केकी मिश्रा ने झूंसी क्षेत्र में एक स्कूली वाहन को बिना पंजीयन के आरोप में पकड़ा तो हंगामा हो गया था। परिवहन विभाग का सिपाही वाहन को सीज करने के लिए जार्जटाउन थाने ले जाने लगा तो रास्ते में कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया। 
सिपाही को नीचे उतारते हुए वाहन लेकर भाग निकले। वहीं दूसरी तरफ यात्री कर अधिकारी को भी कुछ लोगों ने घेर लिया। जैसे-तैसे वह पैदल ही झूंसी थाने पहुंची और पुलिस से सुरक्षा मांगी। बाद में परिवहन अधिकारी को लिखित तौर पर घटना की जानकारी दी। अब उस व्यक्ति की वीडियो अधिकारियों को सौंपी गई है, जो खुद को वैन का मालिक बताने के साथ ही वाहन को छुड़ाने में शामिल था।
हबूसा मोड़ झूंसी के पास बुधवार को दिन में यात्री कर अधिकारी केकी मिश्रा टीम के साथ स्कूली वाहनों की जांच पड़ताल में लगी थीं। उसी समय बिना नंबर प्लेट की एक स्कूली वैन को पकड़ा। उसमें सात बच्चे बैठे थे। सभी को स्कूल छुड़वाया गया। इसके बाद वाहन का पेपर न होने पर सिपाही रमेश चंद यादव वैन को सीज करने के लिए जार्जटाउन थाने ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में कुछ लोगों ने वाहन को रुकवा लिया।
सूचना पर केकी मिश्रा वहां पहुंची तो उनके वाहन को भी आगे नहीं जाने दिया गया। कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। टीम ने वाहन का पेपर मांगा, लेकिन किसी ने नहीं दिखाया। इसके अलावा अन्य स्कूली वाहनों की जांच भी नहीं करने दी। वाहन रोकने पर केकी मिश्रा पैदल ही झूंसी थाने पहुंचीं। पुलिस के हस्तक्षेप के एक घंटे बाद आरटीओ की इंटरसेप्टर वाहन झूंसी थाने पहुंची।
यात्री कर अधिकारी केकी मिश्रा का कहना है कि जिस वाहन को उन्होंने पकड़ा था उस पर नंबर नहीं था, जिस कारण उसका चालान भी नहीं हो सका है। विभाग के उच्च अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी गई है। उस व्यक्ति की वीडियो भी सौंपी गई, जो खुद को वैन का मालिक बता रहा था। यहीं नहीं, वैन की फोटो, उसमें सवार बच्चों की फोटो भी अधिकारियों को दी गई है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के आला अधिकारियों से वार्ता की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad