प्रयागराज (राजेश सिंह)। कार्यदायी संस्था द्वारा इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा से जुड़े परिचालकों का पीएफ ना जमा होने के कारण सोमवार को परिचालक हड़ताल पर रहे। परिचालकों के हड़ताल पर होने के कारण शहर के विभिन्न रूटों पर चलने वाली इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा ठप हो गई। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें कि नैनी नए यमुना पुल के पास इलेक्ट्रॉनिक बस चार्जिंग डिपो बनाया गया है। यहां से शहर के विभिन्न रूटों पर 50 बसों का परिचालन किया जाता है। एक निजी कंपनी द्वारा परिचालकों का संचालन कराया जाता है। परिचालकों का आरोप है कि बीते चार वर्षों से उनके पीएफ में कंपनी द्वारा कोई भी धनराशि नहीं जमा की गई है इसे लेकर पूर्व में कई बार कंपनी प्रबंधन और परिचालकों के बीच बातचीत हो चुकी है। लेकिन पीएफ में धनराशि ना जमा होने से नाराज परिचालकों ने सोमवार काम करने से मना कर दिया।
इसके कारण शहर के विभिन्न रुटो पर चलने वाले इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन बंद हो गया। एक भी बस डिपो से बाहर नहीं निकली। परिचालकों का कहना है कि बीते शुक्रवार को पीएफ अकाउंट में धनराशि जमा करने को लेकर कंपनी प्रबंधन से बात हुई थी। प्रबंधन ने तीन दिनों का समय मांगा था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी किसी भी परिचालक के अकाउंट में धनराशि नहीं जमा की गई। वही इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
