पत्नी से विवाद के बाद निकले थे घर से, हुई वारदात
प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के शिवकुटी थाना क्षेत्र में रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे रविवार की देर रात मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) के ठेकेदार राजीव मिश्र (49) का शव तीन टुकड़ों में मिला। वह पत्नी और साले से विवाद के बाद घर से निकले थे। देर रात शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को जानकारी दी। ठेकेदार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। भाई विक्रम मिश्र ने हत्या करके शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने की आशंका जाहिर की। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही कारणों का पता चल सकेगा।
शिवकुटी इलाके के लाला की सराय में रहने वाले राजीव मिश्र (49) पुत्र राजेंद्र मिश्र मूल रूप से बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा के रहने वाले थे। रविवार की रात साढ़े 11 बजे शिवकुटी की तरफ रेलवे ओवरब्रिज पर तीन टुकड़ों में शव देखा गया। पत्नी सविता मिश्रा और साले प्रभारी दुबे निवासी दारागंज से विवाद के बाद वह गुस्सा होकर अचानक घर से निकले थे। परिजन ढाई घंटे से उनकी खोजबीन कर रहे थे।
इनके दो बच्चे आकाश मिश्र (23) और छोटू मिश्र (19) हैं। दोनों बेटे रायपुर छत्तीसगढ़ में जॉब करते हैं। एक बेटी काव्या (12) है। बताया जाता है कि पहली पत्नी की 2006 में मौत हो गई थी। इसके बाद इन्होंने 2009 में दूसरी शादी की। 20 अप्रैल को बड़े बेटे के पुत्र का मुंडन होना था। राजीव मिश्र काफी खुश थे और निमंत्रण पत्र बांट रहे थे।
