प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के यमुनानगर के घूरपुर इलाके के बोंगी गांव में सोमवार सुबह घर में घुसी बकरी को डंडा मारने पर हुए विवाद में पांच सगे भाइयों ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर अपने मामा निशार अहमद (65) की हत्या कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी गुड्डू, अब्दुल, सलमान, राशिद और पप्पू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। साथ ही गुड्डू को हिरासत में ले लिया। सोमवार को ही उसकी शादी होनी थी।
बोंगी गांव निवासी निशार अहमद के घर में सोमवार सुबह उनके भांजे गुड्डू की बकरी घुस गई। इस पर नाराज निशार ने बकरी को डंडा मार दिया। आरोप है कि इसी बात पर मामा-भांजे के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद गुड्डू के चार अन्य भाई भी मौके पर पहुंच गए।
सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से निशार पर हमला कर दिया। हमले में निशार के सिर पर गंभीर चोट आ गई और वे वहीं गिर पड़े। परिजन उन्हें आननफानन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
निशार अहमद मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है और उनके बच्चे भी हैं। निशार पत्नी के साथ झोपड़ी में रहते थे। किसे पता था कि मामूली सा विवाद उनकी जान ले लेगा। निशार अहमद की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी भांजे गुड्डू को पकड़ लिया जिसकी सोमवार को शादी थी। बरात बोंगी गांव में ही जानी थी। घर में सभी तैयारियां हो चुकी थीं। दरवाजे पर टेंट शामियाना लगा था। इसी बीच मामूली विवाद में इतनी बड़ी घटना हो गई और जिस गुड्डू के सिर पर सेहरा बंधना था, वह सगे मामा की हत्या के आरोप में हवालात पहुंच गया। घर में शहनाई गूंजने के बजाय मातम छा गया।
बकरी को डंडा मारने पर विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान निशार अहमद की मौत हो गई। मामले में एक आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही अन्य को भी पकड़ लिया जाएगा। - अब्दुस सलाम खान, एसीपी कौंधियारा
