प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के झूंसी थाना क्षेत्र के नई झूंसी कोहना में स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और महात्मा बुद्ध की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। मूर्तियों के ऊपर नीला पेंट डाल दिया गया है। पार्क की दीवारों पर अश्लील चित्र बनाए गए हैं और महापुरुषों के बारे में अपशब्द लिखे गए हैं। सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। सीसीटीवी के माध्यम से अराजकतत्वों की पहचान की जा रही है। बसपा नेता दीपचंद्र ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
झूंसी कोहना स्थित आंबेडकर पार्क में भगवान बुद्ध, संत रविदास और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित है। पार्क के अंदर एक लाइब्रेरी एवं बैठक बनाया गया है। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर पूरे पार्क की साफ सफाई के साथ ही मूर्तियों और दीवारों की रंगाई पुताई की गई थी। रविवार की रात कुछ अराजक तत्वों ने पार्क के अंदर घुसकर डॉ. आंबेडकर, संत रविदास की मूर्ति पर कालिख और नीला पेंच लगा दिया। दीवारों पर अश्लील चित्र एवं गालियां लिख दी गईं। पार्क की दीवारों पर गंदा चित्र भी बनाया गया। लाइब्रेरी हाल में रखी गई डॉ. आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी गई। वाटर कूलर तोड़ दिया। सीलिंग पंखा चोरी का ले गए।
