प्रतापगढ़ (राजेश सिंह)। जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। घर से निकली 19 वर्षीय युवती की हत्या करके शव को पेड़ से लटका दिया गया। युवती को मारने के पहले उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी आशंका है, क्योंकि युवती के अंत: वस्त्र, कंडोम भी बिखरे मिले हैं। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
मानिकपुर थाना के ककरहा गोतनी गांव में रविवार सुबह एक युवती का शव मिलने से खलबली मच गई। सुबह लोग सैर के लिए गांव के पास स्थित बाग में गए तो उन्होंने पेड़ से लटका शव देखा। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोगों ने युवती को पहचान लिया। परिवार को जानकारी दी।
घटनास्थल युवती के घर से महज 100 मीटर ही दूर था। वहां से कुछ दूरी पर मृतका की चप्पल और अंडरवियर भी बरामद हुए। उसके शरीर पर कई जगह दांत व नाखून से खरोंचने के निशान भी देखे गए। इससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने दुष्कर्म के सवाल पर कहा कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हालांकि परिवार के लोग भी दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
