प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के सोरांव थाना क्षेत्र में मलाक चतुरी गांव के पास शनिवार देर रात करीब 11:45 बजे एक आभूषण कारोबारी को बदमाशों ने लूट लिया। विरोध करने पर व्यापारी को चाकू से मारकर घायल कर दिया गया। व्यापारी ने नकदी समेत आठ लाख रुपये लूटने की बात कही है। सोरांव पुलिस बदमाशों की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही जगह-जगह दबिश दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार हुलासगंज निवासी सुशील जायसवाल आभूषण कारोबारी हैं। साथ ही वह प्रयागराज व्यापार मंडल से संबद्ध दहियावां व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी हैं। शनिवार रात वह लोकनाथ स्थित सर्राफा मंडी से खरीदारी कर बाइक से अपने घर के लिए निकले। अभी वह मलाक चतुरी गांव के समीप पहुंचे थे कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक लिया। आभूषण से भरा बैग छीनने लगे। सुशील जायसवाल ने विरोध किया तो मारपीट करते हुए चाकू से एक के बाद एक कई वार किए। लहूलुहान होकर सुशील सड़क पर गिरे तो बदमाश बैग लेकर भाग निकले। खबर पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल कारोबारी को अस्पताल ले गई।
सुशील ने बताया कि बैग में आठ लाख के जेवरात व 40 हजार रुपये नकद थे। यह भी बताया कि चौक से ही बदमाश पीछे लगे थे। व्यापारियों को जानकारी हुई तो रविवार सुबह वह अस्पताल पहुंचे।
थाना प्रभारी सोरांव केशव वर्मा का कहना है कि पीड़ित ने कुछ आभूषण और लगभग 40 हजार रुपये की लूट की सूचना दी है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। चौक से लेकर घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
आभूषण कारोबारी सुशील जायसवाल के साथ हुई घटना को लेकर प्रयागराज व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शीघ्र बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है। जिलाध्यक्ष सुशांत केसरवानी ने आए दिन कारोबारियों के साथ मारपीट, लूट जैसी घटनाओं पर नाराजगी जताई है। चेतावनी दी है कि 48 घंटे के भीतर अगर मामले का राजफाश नहीं हुआ तो विरोध स्वरूप गंगापार की सभी दुकानें बंद रहेंगी। जिलाध्यक्ष गंगापार सुरेश चौरसिया, दहियावां व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन जायसवाल, देवेंद्र जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष बनारसी साहू, रंजीत केसरवानी, शिवजी साहू, मुदित खत्री, मनीष साहू आदि ने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
