प्रयागराज (राजेश सिंह)। कीडगंज पुलिस ने परेड ग्राउंड के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सरायइनायत थाना क्षेत्र से लूटी गई एक बाइक, 370 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। यह कार्रवाई 10 मई 2026 को दोपहर करीब 2:40 बजे मुखबिर की सूचना पर की गई।
बरामद की गई बाइक स्प्लेंडर प्लस है। यह बाइक थाना सरायइनायत में दर्ज मुकदमे से संबंधित लूट के मामले में शामिल थी। आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन 11 और एक वीवो एंड्रॉइड फोन भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार पटेल उर्फ सिकंदर (उम्र करीब 22 वर्ष) और रामकुमार उर्फ अंकल (उम्र करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों प्रयागराज के थाना पूरामुफ्ती अंतर्गत मादपुर गांव के निवासी हैं।
इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कीडगंज थाने में एक नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थानाध्यक्ष कीडगंज प्रीतम कुमार तिवारी के निर्देशन में चौकी प्रभारी बैरहना उपनिरीक्षक संदीप यादव व उपनिरीक्षक प्रिंस राठी और उनकी टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र यादव, आरक्षी राज श्रीवास्तव और आरक्षी हरिकेश यादव शामिल थे।
