Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सीएम योगी ने देखी 'कृष्णावतारम्', फिल्म को किया टैक्स फ्री

sv news

लखनऊ। मंत्रिमंडल विस्तार के तुरंत बाद रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के साथ लोकभवन में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ (भाग-1: हृदयम) की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। फिल्म में सत्यभामा का मुख्य किरदार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिनी संस्कृति पटेल ने निभाया है। मुख्यमंत्री ने कलाकारों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि मंत्रिमंडल विस्तार के दिन ही सभी मंत्री एक साथ इस विशेष फिल्म का प्रदर्शन देख रहे हैं। उन्होंने फिल्म को भारतीय परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम बताते हुए कहा कि पांच हजार वर्ष पुरानी घटनाओं को नए दृष्टिकोण और प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ दिखाया गया है।

फिल्म भगवान कृष्ण के जीवन और उनके रहस्यमय व्यक्तित्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बेटियों से कुछ मुफ्त नहीं लेने की परंपरा है। इसलिए सरकार फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री कर रही है।

सूचना विभाग को निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी जिलों में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कर युवाओं को सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं से परिचित कराया जाए। राज्यपाल ने अपनी नातिनी संस्कृति पटेल सहित सभी कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों के परिश्रम की सराहना की।

ढाई घंटे की इस फिल्म में भगवान कृष्ण के राधा, रुक्मिणी, जामवंती और सत्यभामा के साथ संबंधों को अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में सत्यभामा के माध्यम से कृष्ण के प्रेम की विविधता को भव्यता के साथ पर्दे पर उतारा गया है।

राधा के प्रेम को समर्पण, रुक्मिणी के प्रेम को नियति, 16 हजार रानियों को नारी सम्मान और ईश्वर भक्ति के प्रतीक के रूप में दिखाया गया है। यह भी दिखाया गया है कि नई पीढ़ी सवालों और संदेहों के बीच किस तरह ईश्वर की सत्ता को स्वीकार करती है।

फिल्म के अंतिम हिस्से में कृष्ण के पैर में तीर लगने, उनकी लीला समाप्त होने और द्वारिका नगरी के समुद्र में समाने के मार्मिक दृश्य दर्शकों को भावुक कर देते हैं। फिल्म में कई गीत भी कर्णप्रिय लगे। विशेष स्क्रीनिंग में शहर के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad