Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज: पत्रकार के घर नकाबपोश बदमाशों का धावा, जान से मारने की धमकी

SV News

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में एक हिंदी दैनिक के ब्यूरो चीफ पत्रकार विजय सिंह के घर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने पत्रकार और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से परिवार दहशत में है। आरोप है कि प्रयागराज पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, बल्कि लीपापोती करने का प्रयास कर रही है। 


यह घटना 26 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे कर्नलगंज थाना क्षेत्र के एलनगंज स्थित विजय सिंह के आवास पर हुई। विजय सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कृष्णा और प्रदीप कुमार नामक व्यक्तियों के साथ 20-25 नकाबपोश बदमाश लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। उन्होंने गेट पीटकर गाली-गलौज शुरू कर दी।


जब विजय सिंह की पत्नी गेट पर आईं, तो बदमाशों ने उनके साथ बदतमीजी की और जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने विजय सिंह को भी घर से बाहर चौराहे पर आने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी बताया गया है कि कृष्णा और प्रदीप ने फोन पर भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी हैं। घटना का एक वीडियो भी मौजूद होने का दावा किया गया है।
विजय सिंह ने 27 अप्रैल को कर्नलगंज थाने में तहरीर दी, जिसमें उन्होंने उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, पत्रकार का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है और मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad