प्रयागराज (राजेश सिंह)। दानापुर स्पेशल (04088) ट्रेन के एस-थ्री कोच में पिछले सोमवार की देर रात बैग चोरी करने वाले चोर के पीछे ट्रेन से छलांग लगाने वाली महिला नूतन के मामले की जांच शुरू हो गई है। जीआरपी की जांच टीम ने दो सीसीटीवी में महिला की लोकेशन ट्रेस की। पहली फुटेज में महिला एक युवक से हाईवे की ओर जाने का पता पूछ रही है। दूसरे फुटेज में उसकी मदद के लिए कुछ लोग दिखते हैं।
गुरुवार को करछना के पचदेवरा स्थित घटनास्थल के आस-पास जीआरपी ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और बीते दिनों हुए संदिग्ध घटनाक्रमों को जोड़ने का प्रयास किया। पता चला कि यहां तीसरी लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, इसके चलते ट्रेनें कासन पर यानी धीमी गति से चलाई जा रही हैं। संभवत: इसी का फायदा उठाकर चोर महिला का बैग चोरी कर यहीं से भागा होगा और इसी कारण महिला भी इसी स्थान पर ट्रेन से उतर पाई थी।
अब जब तक कासन पर ट्रेनें चलेंगी इस स्थान पर जीआरपी की मोबाइल टीम सक्रिय रहेगी। साथ ही ट्रेन में भी सिपाही बैठकर करछना के पचदेवरा की ओर निगरानी करने जाएंगे। जीआरपी ने आरपीएफ को भी सुरक्षा बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ व जांच में कई चीजें मिली हैं। जल्द ही चोर को दबोच लिया जाएगा। महिला अपने घर पर सुरक्षित है।
