प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर में एक कथित चौकी इंचार्ज की मनमानी से कई पुलिस परिवार बिजली और पानी को तरस रहे हैं? भीषण गर्मी में बच्चे भी परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार इस समस्या से अनजान बने हुए हैं। बिजली विभाग वाले कह रहे हैं कि चौकी इंचार्ज के कहने पर बिजली कनेक्शन काटा गया। हालांकि कोतवाली इंस्पेक्टर का कहना है कि संबंध चौकी का कोई इंचार्ज ही नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि कौन चौकी इंचार्ज बनकर ऐसी गंदी हरकत की है।
बताया गया है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के सूरजकुंड पुलिस चौकी के बगल ही आवास बने हैं। वहां कई पुलिसकर्मी और उनका परिवार रहता है। शनिवार दोपहर बाद सभी आवासों की बत्ती गुल हो गई। लोगो ने सोचा कि लाइट कटी है। कई घंटे बाद भी बिजली नहीं आई तो सभी परेशान होने लगे। आसपास बिजली आ रही थी। यह देख पुलिस परिवार हैरत में पड़ गए। बाद में देखा तो बिजली का कनेक्शन ही कट गया है। पुलिस चौकी में लाइट आ रही थी।
पुलिस परिवार के लोगों ने पूछताछ की पता चला कि चौकी इंचार्ज ने बिजली का कनेक्शन कटवाया है। हैरान की बात यह है कि रात भर भीषण गर्मी का दंश झेलने वाले परिवारों को रविवार सुबह एक बूंद पानी भी नहीं मिला। घर में रखा पानी भी खत्म हो गया। इससे लोगों में बिजली कनेक्शन कटवाने वाले के प्रति नाराजगी है और उसके कृत्य को अमानवीय बता रहे।
पावर हाउस के जेई सतीश सिंह का कहना है कि चौकी इंचार्ज के कहने पर बिजली कनेक्शन काटा गया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नितेंद्र शुक्ला का कहना है कि सूरजकुंड चौकी का कोई प्रभारी है ही नहीं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किस दारोगा ने चौकी इंचार्ज बनकर पुलिस परिवार के आवासों की बत्ती गुल करवाई है।
