माफिया अतीक के गुर्गे के बेटों समेत कई करीबियों पर एफआईआर
प्रयागराज (राजेश सिंह)। कचहरी से एयरपोर्ट की तरफ जा रहे मो. अतहर को कुछ लोगों ने सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन के पास रोक लिया। इसके बाद कार में बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई की। विरोध पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से बचने पर हमलावरों ने 50 लाख की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में कोर्ट के आदेश पर धूमनगंज पुलिस ने माफिया अतीक के गुर्गे गुलफुल उर्फ रफीक के बेटे आबिद, वदूद अहमद, माजिद, अली व नसर, अर्सलान, अबू सालिम और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पूरामुफ्ती हटवा निवासी मो. अतहर का कहना है कि 20 मई 2026 को वह एयरपोर्ट की तरफ जा रहा था। आरोप है कि सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने पर असलहे से लैस कार सवार युवकों ने ओवरटेक करके रोक लिया। जबरन उसे गाड़ी में बैठाकर बंधक बना लिया और फिर गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटा।
माजिद ने अपने मोबाइल से वदूद से बात कराई, जिसने धमकाते हुए कहा कि मुकदमे की पैरवी बंद न करने पर जान से मार दिया जाएगा। इसी बीच अली ने तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली लगने से बच गया। तब हमलावरों ने स्टांप पर हस्ताक्षर करवाते हुए नकदी समेत सामान लूट लिया।
दोबारा धमकाया कि कई लोग जेल जा चुके हैं और जिंदा रहना है 50 लाख रुपये भिजवा दो। शिकायत पर जान से मार दिया जाएगा। इंस्पेक्टर धूमनगंज धनंजय पांडेय का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीपलगांव निवासी राज किरन को कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर हमला किया। असलहा दिखाकर सात लाख की रंगदारी मांगी। घटना के बाद पीड़ित ने एयरपोर्ट थाने में अतीक के गुर्गे गुलफुल के बेटे वदूद, आबिद, माजिद, अली व अबू सालिम, नसर, अर्सलान के खिलाफ केस दर्ज कराया है। राज किरन का आरोप है कि विपक्षी उसकी जमीन जबरन खरीदना चाहते हैं। मना करने पर हमला किया और सवा लाख रुपये लूट लिए। सात लाख रुपये की रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी एयरपोर्ट राजेश उपाध्याय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
