प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के मऊआइमा थाना क्षेत्र स्थित गोपालापुर गांव में सोमवार रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले, जिससे चार लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी मऊआइमा ले गई, जहां दो की हालत गंभीर होने पर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि गोपालापुर गांव निवासी वासिक अख्तर व उनकी पत्नी गुलफुल निशा को दो दिन पहले जमीन संबंधित पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही रईसुल जमा ने अपने घरवालों के साथ मारा-पीटा था। इसमें दोनों घायल हो गए थे। मामले में तौफीक अहमद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी को लेकर सोमवार रात रईसुल जमा और तौफीक के बीच विवाद हो गया। मारपीट शुरू हो गई और फिर रईसुल जमा ने तौफीक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर सुनकर इश्तियाक व अन्य लोग पहुंचे तो लाठी-डंडे के साथ ही धारदार हथियार चलने लगे।
मारपीट में एक पक्ष के तौफीक, इश्तियाक और दूसरे पक्ष से मो. रैसुल व मो. नदीम को लहूलुहान हो गए। पुलिस चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊआइमा ले गई। वहां तौफीक और इश्तियाक की हालत गंभीर होने से उनको एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। मऊआइमा थाना प्रभारी राममूर्ति यादव का कहना है कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
