प्रयागराज (राजेश सिंह)। मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में पिछले दिनों घटित अत्यंत दुःखद एवं वीभत्स तिहरे हत्याकांड में तीन बुजुर्गों की नृशंस पूर्वक हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बुधवार को सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की।
मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी देते हुए घटना की बर्बरता, आरोपियों के दुस्साहस से अवगत कराया। वहीं परिवार की सुरक्षा एवं न्याय से जुड़े सभी विषयों की जानकारी देते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता सहित हर संभव सहयोग का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा एवं हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
